वेब सिरीज ‘बंदिश बैंडिट्स’ की समीक्षा
एक सुरीली सिरीज , जो मन को तृप्त कर देती है राजीव रंजन निर्देशक : आनंद तिवारी कलाकार: नसीरुद्दीन शाह , श्रेया चौधरी , ऋत्विक भौमिक , शीबा चड्ढा , अतुल कुलकर्णी , राजेश तैलंग , कुणाल रॉय कपूर , अमित मिस्त्री , त्रिधा चौधरी , मेघना मलिक चार स्टार अमूमन अपराध , हिंसा और राजनीतिक पूर्वग्रहों से भरी वेब सिरीज के बीच ‘ बंदिश बैंडिट्स ’ मलय पर्वत से चलने वाली हवा की मानिंद सुगंध और ताजगी से भरी लगती है। जमाने के बाद संगीत पर आधारित कुछ ऐसा देखने को मिला है , जो रस में सराबोर कर देता है। यह कहानी है संगीत सम्राट राठौर घराने के पं. राधे मोहन राठौर (नसीरुद्दीन शाह) और उनके परिवार की , जिसमें उनका बड़ा बेटा राजेंद्र (राजेश तैलंग) , बहू मोहिनी (शीबा चड्ढा) , छोटा बेटा देवेंद्र (अमित मिस्त्री) और पोता राधे (ऋत्विक भौमिक) हैं। यह कहानी पॉप संगीत की उभरती कलाकार तमन्ना (श्रेया चौधरी) की भी है , जो पॉप संगीत में मुकाम बनाना चाहती है। पंडित जी बहुत सख्त हैं और संगीत को लेकर कोई समझौता नहीं करते। रा...