तानाजी की समीक्षा

इतिहास के एक पन्ने से धूल झाड़ती फिल्म

राजीव रंजन

निर्देशक : ओम राउत

कलाकार: अजय देवगन, काजोल, सैफ अली खान, शरद केलकर, ल्यूक केनी, पद्मावती राय, नेहा शर्मा, आजिंक्य देव, विपुल कुमार गुप्ता

3.5 स्टार

भारत के इतिहास में ऐसे कई लोग हुए हैं, जिन्होंने अपनी निष्ठा और पराक्रम से अपने राज्य, देश की बड़ी सेवा की। देश के विभिन्न क्षेत्रों में लोकमानस में उनकी कहानियां बड़े आदर के साथ सुनी-सुनाई जाती हैं, लेकिन उनको इतिहास में कुछ खास जगह नहीं मिल पाई। कई का बस हल्का-सा जिक्र है, तो कई गुमनाम हैं। मराठा सूबेदार तानाजी मालुसरे एक ऐसे ही योद्धा थे। उनके बारे में इतिहास में बहुत कम जिक्र मिलता है। महाराष्ट्र के क्षेत्रीय इतिहास में तानाजी को कितनी जगह मिली है, पता नहीं, लेकिन उत्तर भारत में लोग उनके बारे में बहुत कम या न के बराबर जानते हैं। मगर तानाजी की निष्ठा और उनकी वीरता के प्रति उनके बालमित्र और महाराज छत्रपति शिवाजी के मन कितना स्नेह और आदर था, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कोंडाना किले को पुन: प्राप्त करने की लड़ाई में जब 4 फरवरी, 1670 को तानाजी शहीद हुए, तो शिवाजी महाराज ने कहा था- ‘गढ़ तो आया, पर सिंह चला गया।’ कहते हैं, शिवाजी ने उसके बाद तानाजी के सम्मान में कोंडाना का नाम बदल कर सिंहगढ़ कर दिया।

छत्रपति शिवाजी (शरद केलकर) ने अपनी कूटनीति, रणनीति और छापापार युद्ध शैली की बदौलत दक्षिण में अपने शासन का अच्छा-खासा विस्तार कर लिया था। मुगलों के साथ उनका शह-मात का खेल जारी था। उधर औरंगजेब (ल्यूक केनी) ने दक्षिण में अपने साम्राज्य को और मजबूती देने की योजना बनाई। उसने बड़ी सेना दक्षिण की ओर भेजी। शिवाजी को मुगलों से समझौता (पुरंदर की संधि) करना पड़ा और अपने 23 किले उन्हें देने पड़े, जिनमें कोंडाना और पुरंदर भी शामिल था। कोंडाना और पुरंदर का रणनीतिक दृष्टि से बहुत महत्व था। उस समय शिवाजी की मां राजमाता जीजाबाई (पद्मावती राय) ने प्रतिज्ञा की, जब तक कोंडाना फिर से मराठों के पास नहीं आ जाता, तब तक वे नंगे पैर रहेंगी। चार साल बाद मराठे अपनी शक्ति जुटा कर कोंडाना पर फिर से कब्जा करने की तैयारी जुट गए। औरंगजेब ने कोंडाना का किलेदार बनाकर राजपुत योद्धा उदयभान सिंह राठौड़ (सैफ अली खान) को भेजा।


शिवाजी इस अभियान का नेतृत्व स्वयं करने की योजना बनाते हैं। उनके सलाहकार ऐसा करने से मना करते हैं और अपने किसी विश्वस्त को भेजने की सलाह देते हैं। सुबेदार तानाजी मालुसरे (अजय देवगन) शिवाजी के बालसखा और विश्वस्त सुबेदार थे, जिन्होंने कई लड़ाइयां जीती थीं। लेकिन शिवाजी महाराज उनको इस अभियान में नहीं भेजना चाहते, क्योंकि वह और उनकी पत्नी पार्वती (काजोल) अपने बेटे की शादी की तैयारियों में व्यस्त हैं। तानाजी को यह बात पता लग जाती है, और वह शिवाजी को इस बात के लिए मजबूर कर देते हैं कि कोंडाना के अभियान का नेतृत्व वह तानाजी को करने दें। उनके लिए निजी जीवन से ज्यादा महत्वपूर्ण स्वराज और भगवा ध्वज था। तानाजी प्रतिज्ञा करते हैं कि वह उदयभान को मार कर राजमाता के पैरों में जूतियां पहनाएंगे। लेकिन उनके साथ विश्वासघात होता है और उनकी योजना उदयभान को पता लग जाती है...

तानाजी की ऐतिहासिकता में तो कोई संदेह नहीं है, मगर इतिहास में उनके बारे में जानकारी बहुत कम उपलब्ध है। उन पर सवा दो घंटे की फिल्म बनाने के लिए निश्चित रूप से काफी मेहनत करनी पड़ी होगी। फिल्म में ऐतिहासिक घटनाओं का प्रतिशत कितना है और कितनी कल्पना है, यह कह पाना मुश्किल है। वैसे भी जब कोई ऐतिहासिक फिल्म बनती है, तो उसमें रचनात्मक छूट ली जाती है। और यह ठीक भी है, बशर्ते रचनात्मक छूट के नाम पर इतिहास की धज्जियां न उड़ाई जाएं। तानाजी को देख कर लगता है कि इसमें सिनेमाई छूट के नाम पर बहुत ज्यादा इधर-उधर की बातें नहीं हैं।

प्रकाश कपाड़िया और ओम राउत ने पटकथा पर मेहनत की है और इसे बहुत अच्छी तरह से लिखा है। शिवाजी के समय और माहौल को रचने में निर्देशक ओम राउत और उनकी टीम सफल रहे हैं। प्रकाश कपाड़िया द्वारा लिखे गए संवादों में दम है और वे दर्शकों के मन में असर छोड़ने वाले हैं। संवादों में भगवा तथा स्वराज का बार-बार जिक्र कुछ लोगों को खटक सकता है। ओम राउत का निर्देशन बहुत कसा हुआ है। यह उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म है और उन्होंने जबरदस्त प्रभाव छोड़ा है। उन्होंने तानाजी सहित सभी चरित्रों को बहुत अच्छे-से गढ़ा है। कुछ इस तरह कि कई किरदार कम स्क्रीन टाइम मिलने के बावजूद अपना प्रभाव छोड़ते हैं। जैसे तानाजी की पत्नी पार्वती और राजमाता जीजाबाई के किरदार। हालांकि उदयभान के किरदार में नाटकीयता थोड़ी ज्यादा है और शिवाजी के गुरु समर्थ रामदास स्वामी के बारे में फिल्म में कोई जिक्र नहीं है। तानाजी और पार्वती के प्रेम को भी कम दृश्यों में प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया है।

फिल्म के विजुअल इफेक्ट, ग्राफिक्स (वीएफएक्स) शानदार हैं और एक्शन फस्र्ट क्लास, वल्र्ड क्लास। देख कर मजा आता है। फिल्म को 3-डी में देखने में ज्यादा मजा आएगा। जब भाले और तीर चल रहे होते हैं, तो कई बार गर्दन अपने आप दायें-बायें हो जाती है। फिल्म का संगीत वीर रस से ओतप्रोत है। ‘शंकरा रे शंकरा’ और ‘मां भवानी’ गीत जोश पैदा करते हैं। सिनेमेटोग्राफी अच्छी है। फिल्म की एडिटिंग भी कसी हुई है। फिल्म का क्लाइमैक्स गर्व की भावना पैदा करता है और भावुक भी करता है।


तानाजी के किरदार में अजय देवगन का काम बहुत बढ़िया है। हालांकि कहीं कहीं वे ‘सिंघम’ नजर आते हैं, लेकिन उन्होंने नियंत्रित अभिनय किया है और इस किरदार में जान फूंक दी है। एक पिता के रूप में, पति के रूप और सबसे बढ़कर एक योद्धा के रूप में शानदार अभिनय किया है। खलनायक के रूप में सैफ अली खान का काम शानदार है और अपने अभिनय को वह एक अलग स्तर पर लेकर गए हैं। वह धूर्तता और क्रूरता को अपने किरदार में सहजता से ले आए हैं। काजोल का रोल छोटा है, लेकिन इस छोटे-से रोल में ही वह बड़ा प्रभाव छोड़ती हैं। खासकर, क्लाइमैक्स के दृश्य में तो वह बिना बोले बहुत कुछ कह देती हैं। अगर कद-काठी की असंगतता को छोड़ दिया जाए, तो शरद केलकर शिवाजी के रूप में असरदार रहे हैं। वह शिवाजी के किरदार में बहुत स्वाभाविक लगे हैं। गेटअप की दृष्टि से भी और अभिनय के लिहाज से भी। पद्मावती राव भी प्रभावित करती हैं। उनमें गर्व, गुरुता और ममत्व दिखाई देता है। विधवा राजकुमारी कमला देवी के रूप में नेहा शर्मा का काम भी ठीक है। ल्यूक केनी भी औरंगजेब के रूप में जंचे हैं। बाकी कलाकारों का काम भी अच्छा है। कुल मिलाकर, इस फिल्म की पूरी कास्टिंग बहुत अच्छी है।


यह फिल्म समय की धूल में दब गए इतिहास के एक पन्ने को झाड़ कर सबके सामने लाने की कोशिश करती है। यह एक अच्छी तरह से बनाई गई फिल्म है, जो प्रेरित करती है। यह फिल्म इतिहास, रचनात्मकता और मसाला का सुंदर मिश्रण है। अगर भगवा, राष्ट्रवाद, इतिहास से परहेज नहीं करते, तो आपके लिए जरूर देखने वाली फिल्म है।

(11 जनवरी, 2020 को ‘हिन्दुस्तान’ में संपादित अंश प्रकाशित)

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

वीणा-वादिनी वर दे

सेठ गोविंद दास: हिंदी को राजभाषा का दर्जा देने के बड़े पैरोकार

राही मासूम रजा की कविता 'वसीयत'